रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री की 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने व्याख्याताओं की भर्ती का रास्ता खोल दिया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने 854 पदों की भर्ती का ऐलान किया है। परीक्षा की संभावित तारीख 29 नवंबर 2026 रखी गई है। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन कब से शुरू होंगे, इसकी तारीख अभी सामने नहीं आई है।
ई और टी संवर्ग में भर्ती
DPI की 21 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, कुल 854 पदों में 424 पद ई-संवर्ग और 430 पद टी-संवर्ग की शालाओं के लिए हैं। इन पदों पर भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) कराएगा। विभाग की घोषणा के बाद अब अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है।
8 विषयों में 854 पद
भर्ती में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषय शामिल हैं। हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में 120-120 पद रखे गए हैं। भौतिकी में 94, जबकि राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र में 100-100 पदों पर भर्ती होगी। यानी अलग-अलग विषयों के अभ्यर्थियों को सरकारी स्कूलों में व्याख्याता बनने का मौका मिलेगा।
आवेदन की तारीख का इंतजार
भर्ती की घोषणा के बावजूद अभी सबसे बड़ा सवाल ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तारीख को लेकर है। CGSSB की ओर से आवेदन की शुरुआत की तारीख अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा, ताकि आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़ी जानकारी स्पष्ट हो सके।
योग्यता और सिलेबस वेबसाइट पर
भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और दूसरी शर्तों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी जाएगी। परीक्षा का सिलेबस भी CGSSB की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in
पर भर्ती से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे।
घोषणा के बाद अब परीक्षा की बारी
सरकार की 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के बीच 854 व्याख्याता पदों की प्रक्रिया शुरू होना अहम कदम है। अब निगाहें CGSSB पर हैं कि ऑनलाइन आवेदन की तारीख और विस्तृत विज्ञापन कब जारी किया जाता है। संभावित परीक्षा तारीख 29 नवंबर है, इसलिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक विज्ञापन के बाद ही अंतिम कार्यक्रम और पात्रता की पुष्टि करनी होगी।










Leave a Reply