रायपुर। नवा रायपुर में मंगलवार को गोल्फ का बड़ा मुकाबला शुरू हुआ। फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की ट्रॉफी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने गोल्फ में खुद हाथ आजमाया और शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देखकर वहां मौजूद खिलाड़ी और खेल प्रेमी भी उत्साहित नजर आए।
देश-विदेश के खिलाड़ी मैदान में
प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के इस टूर्नामेंट में कुल 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 खिलाड़ी विदेश से आए हैं। इतने बड़े स्तर के गोल्फ टूर्नामेंट का नवा रायपुर में होना छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए खास माना जा रहा है। कार्यक्रम में 1983 क्रिकेट विश्वकप विजेता भारतीय टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह टूर्नामेंट आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है। नवा रायपुर को देश-दुनिया के बड़े गोल्फ डेस्टिनेशन के तौर पर पहचान दिलाने में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका होगी।
फिल्मों से मैदान तक पहुंचा गोल्फ
मुख्यमंत्री ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले गोल्फ के बारे में लोग सिर्फ सुनते थे या फिल्मों में खिलाड़ियों को इसे खेलते देखते थे। अब छत्तीसगढ़ खुद प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। उनके मुताबिक यह बदलते छत्तीसगढ़ और यहां तेजी से बढ़ती खेल संस्कृति का संकेत है।
साय ने कहा कि गोल्फ को पहले उद्योगपतियों और बड़े लोगों का खेल माना जाता था, लेकिन अब इसकी पहुंच बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ में भी इस खेल को लेकर संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। सरकार गोल्फ के लिए जरूरी सुविधाएं बढ़ाने और बड़े टूर्नामेंट कराने में सहयोग करेगी।
खेल के साथ पर्यटन को भी फायदा
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों से कहा कि वे टूर्नामेंट के साथ छत्तीसगढ़ को भी करीब से देखें। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रदेश की प्राकृतिक खूबसूरती, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों तक जाने का न्योता दिया। उनका कहना था कि खिलाड़ी यहां से सिर्फ टूर्नामेंट की याद लेकर न लौटें, बल्कि छत्तीसगढ़ के लोगों की मेहमाननवाजी और यहां की खूबसूरत जगहों की यादें भी साथ ले जाएं।
ऐसे बड़े आयोजन का फायदा सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहता। इससे प्रदेश की पहचान बढ़ने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनसे सीखने का मौका मिलता है।
कपिल देव बोले, हर साल हो ऐसा टूर्नामेंट
कपिल देव ने टूर्नामेंट के आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोफेशनल टूर्नामेंट खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में हर साल बड़े गोल्फ टूर्नामेंट आयोजित होने की उम्मीद जताई।
पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने कहा कि छत्तीसगढ़ आने पर खिलाड़ियों को यहां का माहौल और गोल्फ कोर्स पसंद आता है। उनके मुताबिक कई खिलाड़ी दोबारा यहां आकर खेलने की इच्छा जताते हैं। इससे नवा रायपुर की गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान मजबूत होने की उम्मीद है।











Leave a Reply