राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात का साझा किया अनुभव, सीएम ने कहा- प्रतिभा को अवसर मिले तो बच्चे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन करेंगे

रायपुर। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली छात्रों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। छात्रों ने राष्ट्रपति भवन के दौरे और राष्ट्रपति से हुई बातचीत के यादगार अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

राष्ट्रपति भवन पहुंचना गर्व की बात

मुख्यमंत्री साय ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। छात्रों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की प्रभावी प्रस्तुति से प्रदेश का मान बढ़ाया है।

राष्ट्रपति ने पूछा पढ़ाई और भविष्य का प्लान

छात्रों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने बच्चों से बेहद आत्मीयता से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। छात्रों ने कहा कि देश की प्रथम नागरिक से सीधे संवाद करने का अवसर उनके लिए बेहद खास रहा।

राखी पर राष्ट्रपति ने बांधी राखी

छात्रों और शिक्षकों को रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मिलने का मौका मिला था। इस दौरान राष्ट्रपति ने CWSN छात्र नुकेश कुमार वर्मा को राखी बांधी। वहीं छात्राओं ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुवा नृत्य की प्रस्तुति दी। राष्ट्रपति ने प्रदेश की लोक संस्कृति की सराहना करते हुए प्रस्तुति की प्रशंसा की।

बच्चों ने संस्कृति को भी पहुंचाया राष्ट्रपति भवन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह और भी खुशी की बात है कि छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित मंच पर केवल अपनी प्रतिभा ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति प्रदेश की पहचान का अनमोल हिस्सा है। युवा पीढ़ी जब इसे आगे बढ़ाती है तो परंपराओं को नई पहचान और ऊर्जा मिलती है।

CM बोले- प्रतिभा की कमी नहीं

मुख्यमंत्री ने छात्रों से बातचीत में कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। ऐसे अनुभव बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं और उनके सपनों का दायरा भी बढ़ाते हैं।

राष्ट्रपति से मुलाकात को प्रेरणा बनाएं

साय ने छात्रों को राष्ट्रपति से हुई मुलाकात से प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने पढ़ाई में मेहनत करने, बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने को कहा। मुख्यमंत्री ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने परिवार, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करें।

ये छात्र पहुंचे थे राष्ट्रपति भवन

राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले छात्रों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल रजानी, महासमुंद की रागिनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और दिगेश सेन शामिल रहे।

इस अवसर पर समग्र शिक्षा, रायपुर की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. मुक्ति बैस और शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद के व्याख्याता (भौतिकी) चंद्रशेखर मिथलेश भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *