कांकेर जिले के दूरस्थ वनांचल के 40 से अधिक गांवों को अब नियमित बस सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत भानुप्रतापपुर से कोरर और भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ के लिए दो नए मार्गों पर बस सेवा शुरू की गई है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इन मार्गों पर बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को अस्पताल, स्कूल, हाट-बाजार और सरकारी दफ्तरों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। खासकर उन गांवों के लोगों को राहत मिलेगी, जहां नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं होने से आने-जाने में परेशानी होती थी।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण इलाकों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के जरिए ऐसे गांवों को भी सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जा रहा है, जहां पहले नियमित बसें नहीं चलती थीं। उन्होंने कहा कि बस सेवा से ग्रामीणों को विकासखंड मुख्यालय, अस्पताल, विद्यालय और बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी।
कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि दूरस्थ गांवों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बस सेवा का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।










Leave a Reply