स्व. रजनी दत्तात्रेय उपासने के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का मुख्यमंत्री ने किया विमोचन

रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर की प्रथम महिला विधायक स्वर्गीय श्रीमती रजनी दत्तात्रेय उपासने के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री “अनटोल्ड स्टोरी ऑफ स्व. रजनी दत्तात्रेय उपासने” का विमोचन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्रीमती उपासने के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा से जुड़े योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और प्रेरणा का प्रतीक रहा है। आपातकाल जैसे कठिन दौर में लोकतंत्र की रक्षा से लेकर रायपुर के विकास, महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान तक उनका योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कि यह डॉक्यूमेंट्री आने वाली पीढ़ियों को उनके व्यक्तित्व और कार्यों से परिचित कराने का सशक्त माध्यम बनेगी। विमोचन कार्यक्रम के दौरान श्री सच्चिदानंद उपासने सहित उनके परिवार के कुछ सदस्य उपस्थित थे।

कौन थी स्वर्गीय श्रीमती रजनी दत्तात्रेय उपासने ?

वह राजधानी रायपुर की पहली महिला विधायक थीं। रजनी ताई 1978 में कांग्रेस के कद्दावर नेता को चुनाव हराकर विधानसभा पहुंची थीं। वह रायपुर की पहली महिला विधायक थीं। वह जनसंघ की प्रमुख कार्यकर्ता रही। उनके चार पुत्र गिरीश उपासने, जगदीश उपासने, सच्चिदानंद उपासने और हेमंत उपासने हैं। बीते 27 अगस्त 2025 को 93 साल की उम्र में उनका निधन हुआ था।

आपातकाल के वक्त कलेक्टर को मुंहतोड़ जवाब देकर अपने प्रखर तेवर का दिया था परिचय

रायपुर में रजनी ताई का एक जवाब की अक्सर चर्चा होती है। आपातकाल के समय रायपुर के तत्कालीन कलेक्टर उनका घर सील करने पहुंचे थे। कलेक्टर ने कहा था कि आप देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं आपको जेल हो सकती है। कलेक्टर के सवाल पर रजनी ताई ने कहा था बेटे पहले से ही जेल में हैं। मुझे भी ले चलो कोई फर्क नहीं पड़ता है। कहा जाता है कि रायपुर के तात्यापारा स्थित उनके घर में संघ के बड़े पदाधिकारी आकर ठहरते थे और यहां से नई रणनीति तैयार की जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *