रायपुर रेल मंडल ने रचा विकास का नया रिकॉर्ड: 46.44 मिलियन टन माल लदान, 5663 करोड़ की कुल आय

वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व, यात्री सुविधाओं और संरक्षा में शानदार प्रदर्शन

शून्य ट्रेन दुर्घटना, नई ट्रेनें, स्टेशन विकास और डिजिटल सुविधाओं से यात्रियों को मिला बड़ा लाभ

रायपुर, 03 अप्रैल 2026 | रायपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व, माल लदान, यात्री परिवहन, संरक्षा और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि रायपुर मंडल ने इस वर्ष 46.44 मिलियन टन माल लदान कर 4983 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 4 प्रतिशत अधिक है। इस अवसर पर रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अवधेश कुमार त्रिवेदी भी उपस्थित रहे।

श्री दयानंद ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में मंडल ने 44.73 मिलियन टन लदान से 4818 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया था। इस वर्ष रायपुर मंडल ने न केवल निर्धारित लक्ष्य 46.33 मिलियन टन को पार किया, बल्कि भारतीय रेल के शीर्ष मंडलों में 9वां स्थान भी हासिल किया।

यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में भी रायपुर मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 26.6 मिलियन यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया, जिससे 631.35 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यात्रियों की संख्या में 7.30 प्रतिशत और यात्री राजस्व में 3.85 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। त्योहारों और विशेष अवसरों पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 19 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के 195 ट्रिप, 12 भारत गौरव ट्रेनों का संचालन तथा विभिन्न ट्रेनों में 60 अतिरिक्त कोच जोड़े गए।

रायपुर मंडल ने गैर-किराया राजस्व, पार्किंग, खानपान और पार्सल आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। खानपान आय 75 प्रतिशत बढ़कर 3.22 करोड़ रुपये, पार्किंग आय 3.44 करोड़ रुपये, और पार्सल आय 7.44 करोड़ रुपये रही। कुल मिलाकर वाणिज्य विभाग ने 5663.65 करोड़ रुपये की कुल आय अर्जित की।

यात्री सुविधाओं में अमृत भारत स्टेशन योजना, नई ट्रेन सेवाएं, डिजिटल टिकटिंग, आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, फोटोकॉपी मशीन, हेल्थ बेस लाउंज, विज्ञापन विस्तार और दुर्ग में पार्सल स्कैनर जैसी अनेक सुविधाएँ शामिल रहीं।

संरक्षा के मोर्चे पर सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि वर्ष 2025-26 रायपुर मंडल के लिए शून्य ट्रेन दुर्घटना वर्ष रहा। साथ ही कई रोड अंडर ब्रिज (RUB) निर्माण, चौथी रेल लाइन विस्तार और प्लेटफॉर्म विकास परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने कहा कि रायपुर रेल मंडल आने वाले समय में भी यात्री सुविधा, माल परिवहन और सुरक्षा के क्षेत्र में इसी गति से आगे बढ़ता रहेगा।मौके पर रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश त्रिवेदी सहित कई रेल अधिकारी भी मौजूद थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *