मुख्यमंत्री साय का बड़ा संदेश, बोले- शिक्षा से ही बदलेगी समाज की तस्वीर

रायपुर में कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा को समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव बताया। उन्होंने हर बच्चे को पढ़ाने, प्रतिभाओं को अवसर देने और सामाजिक एकता मजबूत करने की अपील की। बस्तर में नक्सलवाद घटने के साथ विकास और युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों का जिक्र किया। समाज के सामुदायिक भवनों के लिए 1.55 करोड़ रुपए से अधिक की घोषणा भी की।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पदाधिकारियों को सामाजिक सेवा और जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की दिशा उसकी नई पीढ़ी तय करती है। इसलिए बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई का मकसद सिर्फ सरकारी नौकरी हासिल करना नहीं है। शिक्षा युवाओं को उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार नागरिक बनने का रास्ता भी दिखाती है।

साय ने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 17 प्रयास विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कंवर समाज की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि निर्विरोध निर्वाचन सामाजिक समरसता और मजबूत संगठन का संकेत है। समाज को शिक्षा, संस्कार और सेवा के रास्ते पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब नए पदाधिकारियों की है।

बस्तर में खुल रहे नए रास्ते

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त हो रहे बस्तर में विकास की रफ्तार बढ़ी है। जनजातीय युवाओं के लिए रोजगार और आगे बढ़ने के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही हैं।

1.55 करोड़ की घोषणा

कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री ने 1.55 करोड़ रुपए से अधिक की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में समाज के युवक-युवतियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

पौधा लगाया, शिव से मांगी खुशहाली

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के सामुदायिक भवन परिसर में सिंदूर का पौधा लगाया। इसके बाद श्रावण मास के अवसर पर उन्होंने सिविल लाइंस स्थित अपने निवास में सपरिवार भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *