मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जशपुर में सड़क विकास को मिली नई रफ्तार

कांसाबेल-बगीचा मार्ग उन्नयन की निविदा प्रक्रिया पूर्ण, 29 करोड़ से अधिक की लागत से होगा निर्माण कार्य

रायपुर, 08 मई 2026 | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुर जिले के महत्वपूर्ण कांसाबेल-बगीचा मार्ग के मजबूतीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। इससे जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

करीब 29 करोड़ 08 लाख 06 हजार रुपये की लागत से 39 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग का उन्नयन और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत सड़क को मजबूत बनाने के साथ-साथ आवश्यक पुल और पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो सकेगा।

कांसाबेल-बगीचा मार्ग क्षेत्र का अत्यंत व्यस्त संपर्क मार्ग माना जाता है। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।

इस सड़क परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी, यात्रा समय में कमी आएगी और व्यापारिक तथा सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर विकास को नई दिशा दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *