रायपुर | गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना (PMMVY) राज्य में सुरक्षित मातृत्व की दिशा में एक प्रभावी और भरोसेमंद पहल बनकर उभर रही है। इस योजना के तहत गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक देखभाल सुनिश्चित कर सकें।
योजना का लाभ लेकर कबीरधाम जिले के वार्ड क्रमांक 07 की निवासी श्रीमती संजू तिवारी ने बताया कि उन्हें प्रथम संतान के जन्म पर तीन किश्तों में कुल 5 हजार रुपये की सहायता मिली। वहीं दूसरी संतान बालिका होने पर उन्हें 6 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि इस सहायता से उन्होंने दूध, फल, पौष्टिक भोजन एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति की, जिससे गर्भावस्था के दौरान उनका स्वास्थ्य बेहतर रहा।
इसी तरह बेमेतरा जिले के बेरलाकला गांव की निवासी श्रीमती मुकेश्वरी साहू, जो एक साधारण कृषक परिवार से हैं, को प्रथम गर्भावस्था के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन के माध्यम से योजना की जानकारी मिली। पात्रता पूरी करने पर उन्हें समय पर 5 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने पौष्टिक आहार लिया और आवश्यक चिकित्सीय जांच कराई। वर्तमान में वे और उनका शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
लाभार्थी महिलाओं ने प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना को गर्भवती महिलाओं के लिए आर्थिक संबल, आत्मविश्वास और मानसिक शांति प्रदान करने वाली योजना बताया। यह योजना न केवल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि सुरक्षित मातृत्व और बालिका जन्म को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभा रही है।








Leave a Reply