रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वैभवी अग्रवाल से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने वैभवी अग्रवाल और उनके परिजनों को बधाई देते हुए उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि की सराहना की।

मुलाकात के दौरान अवधेश कुमार त्रिवेदी ने वैभवी अग्रवाल को साल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है और यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने वैभवी की सफलता की रणनीति, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प की विशेष रूप से प्रशंसा की।
चर्चा के दौरान वैभवी अग्रवाल ने अपनी शैक्षणिक यात्रा और यूपीएससी की तैयारी से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद आईआईटी मुंबई से इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक और एमटेक करने के पश्चात लगातार प्रयास करते हुए तीसरे प्रयास में उन्होंने यह सफलता हासिल की।
अवधेश कुमार त्रिवेदी ने उन्हें प्रशासनिक सेवा में जनसेवा की भावना, मृदुभाषी व्यवहार और स्पष्ट निर्णय क्षमता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वैभवी अग्रवाल ने युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास बनाए रखने का संदेश देते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।







Leave a Reply