जशपुर पुलिस के साथ संपन्न हुआ प्रेरणादायक मिलन समारोह, मिलकर करेंगे बेहतर परिवर्तन

जशपुर / जशपुर जिले में जय हो कार्यक्रम से जुड़े राष्ट्रीय सेवा योजना एवं स्काउट गाइड के साथ स्वयंसेवकों का एक दिवसीय प्रेरणादायक मिलन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने विभिन्न क्षेत्रों में किये गए सामाजिक कार्यों के अनुभव साझा किए।  इस दौरान प्राकृतिक खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। उन्हें सिकल सेल व स्वास्थ्य विषय पर तकनीकि और सामाजिक जानकारी भी प्रदान की गई।   

इस अवसर पर विशेष रूप से आए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह एवं श्रीमती रेखा सिंह ने स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन व प्रेरणा दी। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन लाने में इस बात का विशेष ध्यान रहे कि हम उस कार्य को पूरा करने के ये 5 आधार बनायें : पहला- वैचारिक आधार कि हम क्या सिद्ध करने जा रहे हैं , दूसरा- इसे करने वाला व्यक्ति, तीसरा-कार्य पद्धति या कार्य करने के साधन, चौथा – कार्य को पूरा करने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रयास या चेष्टाएँ और पांचवां – इन चारों  के पूर्ण होने से भाग्य और संकल्पित लाभ तो अपने आप प्रकट होता है।                                                                                 

उन्होंने सभी स्वयंसेवकों और पुलिस के साथ मिलकर जशपुर जिले में आवश्यक सुधार के विषय पर साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके लिए उन्होंने एक विशेष योजना बनाने की वकालत की ताकि विशिष्टता और प्रामाणिकता से बेहतर परिवर्तन लाया जा सके।                         

यूनिसेफ व एग्रीकोन फाउंडेशन के समन्वय से हुए इस कार्यक्रम में संयुक्त रूप से युवोदय ऐप की जानकारी दी गई। यह एप सामाजिक कार्यक्रमों का ऐसा एप है जिससे व्यापक परिवर्तन के प्रति चल रहे कार्यक्रमों की वास्तविक जानकारी मिलती रहेगी।

यह आयोजन सुव्यवस्थित, प्रेरणादायक और सामाजिक सेवा के प्रति नई ऊर्जा देने वाला था. इससे जिला व ब्लॉक समन्वयकों, एनएसएस अधिकारियों तथा पुलिस बल के सहयोग से बेहतर समाज निर्माण की उम्मीद जगी।                                                                                                                                                 

क्या है युवोदय ऐप

युवोदय ऐप एक डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है, जिसे युवाओं और स्वयंसेवकों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने, उनके कार्यों को दर्ज करने और उनके योगदान को पहचान देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से स्वयंसेवक आसानी से रजिस्ट्रेशन और लॉग-इन कर सकते हैं, अपने दैनिक सामाजिक कार्य (टास्क) फोटो, विवरण, दिनांक और GPS लोकेशन के साथ अपलोड कर सकते हैं। सबमिट किए गए कार्यों का सत्यापन जिला एवं ब्लॉक समन्वयक द्वारा किया जाता है, जिससे कार्य की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहती है।

युवोदय ऐप में स्वयंसेवकों के प्रदर्शन को स्कोर, टॉप-10 वालंटियर सूची और रिवार्ड्स के माध्यम से प्रदर्शित किया जाता है। अर्जित रिवार्ड्स को गिफ्ट्स के बदले रिडीम करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा, ऐप में इवेंट्स और रिमाइंडर, नोटिफिकेशन, प्रशिक्षण (ट्यूटोरियल) वीडियो, ब्लॉग शेयरिंग, तथा व्यक्तिगत जानकारी, शिक्षा विवरण, पता और पासवर्ड अपडेट करने जैसे उपयोगी फीचर्स शामिल हैं।

कुल मिलाकर, युवोदय ऐप युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, उनके सामाजिक प्रयासों को मंच देने और संगठित तरीके से सकारात्मक बदलाव को आगे बढ़ाने का एक प्रभावी साधन है, जिसे छत्तीसगढ़ एग्रीकॉन समिति द्वारा संचालित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *