प्रधानमंत्री ने श्री बिस्वा बंधु सेन जी के निधन पर शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली / त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन जी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। बीते 8 अगस्त को अगरतला रेलवे स्टेशन पर उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था। जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेंगलुरु ले जाया गया। उनके निधन से त्रिपुरा की राजनीति में शोक की लहर फैल गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखकर श्रद्धांजलि व्यक्त की है : –

त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष श्री बिस्वा बंधु सेन जी के निधन से गहरा दुख हुआ। त्रिपुरा की प्रगति को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों और कई सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें याद किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति!

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सेन के निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की कामना की। बिस्वा बंधु सेन के निधन से त्रिपुरा ने एक अनुभवी और समर्पित जननेता को खो दिया है, जिनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।

कौन थे बिस्वा बंधु सेन?

बिस्वा बंधु सेन का जन्म 23 मई 1953 को हुआ था। उन्होंने अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम कॉलेज से 1975 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। 24 मार्च 2023 को उन्होंने त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष का पद संभाला था। वे उत्तर त्रिपुरा जिले की धर्मनगर विधानसभा सीट से चार बार विधायक चुने गए। अपने राजनीतिक जीवन में सेन ने लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी के साथ कार्य किया और 2008 तथा 2013 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की। वर्ष 2017 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इसके बाद वे 2018 से 2023 तक त्रिपुरा विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे। राजनीति में आने से पहले वे 1988 में धर्मनगर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *