पंकज त्रिपाठी को आदर्श मानकर थिएटर से बॉलीवुड तक पहुँचे बरौली ब्लॉक के युवा कलाकार
मुंबई/ गोपालगंज/बरौली | कहते हैं कि उपजाऊ भूमि हमेशा बेहतर पैदावार देती है। बिहार की सांस्कृतिक और कलात्मक धरती ने एक बार फिर इस कहावत को सच साबित किया है। गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड के देवापुर गांव से एक युवा कलाकार ने बॉलीवुड की चमकती दुनिया में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
देवापुर गांव के युवा थिएटर कलाकार राजवीर सिंह आज बॉलीवुड में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने इसी क्षेत्र के बेलसंड निवासी और बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता पंकज त्रिपाठी को अपना आदर्श मानते हुए अभिनय की दुनिया में कदम रखा। अब उनकी मेहनत रंग ला रही है और वे बड़े पर्दे पर अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ दिखाई दे रहे हैं।
मई 2026 में रिलीज हुई बॉलीवुड कॉमेडी फिल्म “पति पत्नी और वो दो” में राजवीर सिंह ने फॉरेस्ट इंस्पेक्टर महेश निगम की भूमिका निभाई है। भले ही उनका किरदार छोटा हो, लेकिन उनकी अभिनय क्षमता ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। फिल्म में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म हास्य, भ्रम और रिश्तों पर आधारित एक मनोरंजक कहानी है।
एक संभ्रांत परिवार से आने वाले राजवीर सिंह, अजय सिंह के पुत्र हैं। अभिनय के प्रति उनके जुनून ने उन्हें गांव से मुंबई तक पहुंचाया। “The Janpath” से बातचीत में राजवीर ने कहा कि हमारे जैसे थिएटर कलाकारों के लिए सिल्वर स्क्रीन पर इतने बड़े कलाकारों के साथ दिखना ही बहुत बड़ी उपलब्धि होती है।
उन्होंने बताया कि वे पिछले छह वर्षों से थिएटर कर रहे हैं और इससे पहले SonyLiv की वेब सीरीज “गर्मी” तथा दो शॉर्ट फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। उनकी कास्टिंग मुंबई की चर्चित “Anti Casting” कंपनी ने की थी। राजवीर ने यह भी बताया कि वे जल्द ही Netflix पर आने वाली एक हॉरर फिल्म में नजर आने वाले हैं।
राजवीर की इस सफलता से देवापुर गांव में खुशी का माहौल है। गांव के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं कि उनके बीच से निकला एक युवा अब बॉलीवुड की दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। गोपालगंज जिले में भी राजवीर सिंह चर्चा का विषय बने हुए हैं।
थिएटर की छोटी शुरुआत से लेकर बड़े पर्दे तक का यह सफर इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा अगर मेहनत और धैर्य के साथ आगे बढ़े, तो गांव की गलियों से निकलकर मायानगरी मुंबई तक अपनी चमक बिखेर सकती है।









Leave a Reply