रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का सिलसिला निरंतर जारी है। इसी क्रम में राजधानी रायपुर के 60 वर्षीय अविवाहित श्रमिक श्री हनुमंत राव के लिए जनदर्शन का मंच जीवन में नई उम्मीद लेकर आया, जब वर्षों की उपेक्षा के बाद उन्हें राशन कार्ड मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान श्री हनुमंत राव ने भावुक स्वर में बताया कि वे रायपुर के तात्यापारा वार्ड में पिछले लगभग 60 वर्षों से निवासरत हैं, किंतु आज तक उनका स्वयं का राशन कार्ड नहीं बन पाया। पूर्व में उनके माता-पिता के राशन कार्ड में उनका नाम दर्ज था, जिससे वे शासकीय योजनाओं का लाभ ले पाते थे। माता-पिता के निधन के बाद वे अकेले रह गए और राशन कार्ड न होने के कारण सरकारी खाद्य योजनाओं से वंचित हो गए।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्री राव की व्यथा को पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता से सुना। उन्होंने बिना विलंब किए अधिकारियों को तत्काल राशन कार्ड बनाकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के इस त्वरित निर्णय से श्री राव के चेहरे पर संतोष और राहत स्पष्ट दिखाई दी।
जनदर्शन में सामने आया यह प्रसंग इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में शासन केवल योजनाएं नहीं बना रहा, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुँचाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। 60 वर्ष की आयु में राशन कार्ड मिलना, केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भर जीवन की पुनः शुरुआत है।








Leave a Reply