रायपुर। भाजपा के युवा नेता स्वर्गीय मनोज प्रजापति की जयंती पर रायपुर में आयोजित स्मृति कार्यक्रम में प्रसिद्ध कवि और वक्ता डॉ. कुमार विश्वास ने रामकथा के अध्यायों व रामचरितमानस के संदर्भों के माध्यम से प्रजापति परिवार और उनके भातृ–प्रेम का अद्भुत चरित्र-चित्रण किया। पूरा सभागार भाव-रस, स्मृति और भक्ति से सराबोर रहा।

“मनोज प्रजापति सामाजिक जीवन के ‘अभिमन्यु’ थे”
कुमार विश्वास ने भाषण की शुरुआत महाभारत के वीर अभिमन्यु के उदाहरण से की। उन्होंने कहा कि “अभिमन्यु अल्पायु में भी पराक्रम और पुरुषार्थ का प्रतीक थे। मनोज प्रजापति भी राजनीति और समाज सेवा में वही तेज, वही छाप और वही जज़्बा लेकर चले। अल्प आयु में इतना नाम, विश्वास और सम्मान मिलना सामान्य बात नहीं।”
रामचरितमानस का उदाहरण: “यह घर अयोध्या जैसा है”
कुमार विश्वास ने प्रजापति परिवार के पारिवारिक संस्कारों की तुलना अयोध्या की मर्यादा और रामकुल के आदर्शों से की।
उन्होंने कहा—
“जिस घर में छोटा भाई बड़े भाई के निर्णय को ही सत्य मानता हो, जहाँ भाभी को मां जैसा सम्मान मिले, जहाँ स्मृति भी प्रेम का उत्सव बन जाए, वह घर अयोध्या बनने से कौन रोक सकता है? मनोज जी के परिवार में वही त्याग, वही प्रेम, वही राम–लक्ष्मण–भरत–शत्रुघ्न की छाया दिखती है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रजापति परिवार के भाइयों द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बताता है कि मनोज जी जीवन में कितने आदरणीय और पूर्ण व्यक्ति थे।

छत्तीसगढ़: जहाँ राम को मिली ‘दो माताओं’ की गोद
रामकथा के प्रसंगों को छत्तीसगढ़ से जोड़ते हुए उन्होंने कहा—
“राम का जन्म भले अयोध्या में हुआ, पर उन्हें छत्तीसगढ़ में दो माताओं का प्रेम मिला—माता कौशल्या और माता शबरी का। एक ने लोककल्याण के लिए उन्हें वन भेजा, दूसरी ने अपने प्रेम से उनका पथ बदल दिया। छत्तीसगढ़ राम के संस्कारों की दूसरी जन्मभूमि है।”
युवाओं के लिए संदेश: ‘My Space नहीं, We Space’
युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए कुमार विश्वास ने कहा—
“My Space अहंकार की ओर ले जाता है, जबकि We Space समाज निर्माण की ओर। आज युवाओं को Harry Potter जैसे काल्पनिक आदर्शों में नहीं, बल्कि हमारे महापुरुषों—राम, लक्ष्मण, युवा भरत, विवेकानंद—में अपना भविष्य देखना चाहिए। पुरुषार्थ वहीं है, जो समाज को दिशा दे।”
सभागार में हजारों की उपस्थिति
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक राजेश मूणत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रायपुर महानगर के वीर सावरकरनगर के संघचालक सदाशिव गोफ्ने, भाजपा नेता नारायण भूषनिया, डॉ मनमोहन सिंह, सतेन्द्र सिंह, जनप्रतिनिधि , सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन का वातावरण स्मरण, भक्ति और आदर्शों की पुनर्स्थापना से भरा रहा—मानो रामकथा के प्रसंग आधुनिक जीवन में उतर आए हों।








Leave a Reply