किशोरावस्था में शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर केंद्रित “संवाद संस्कार” पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव और जिला पंचायत सी ई ओ सुरुचि सिंह हुए शामिल

राजनांदगांव। जिला प्रशासन राजनांदगांव, यूनिसेफ और सर्वहितम के अंतर्गत किशोरावस्था के दौरान शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर अभिभावकों की सकारात्मक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “संवाद संस्कार” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सेवा प्रदाताओं एवं शासकीय अधिकारियों को सकारात्मक पेरेंटिंग, किशोर कल्याण एवं शिक्षा परिणामों को बेहतर बनाने के लिए संवेदनशील बनाना रहा।कार्यक्रम का संदर्भ निर्धारण (Context Setting) यूनिसेफ के राज्य SBC कंसल्टेंट चंदन कुमार द्वारा किया गया, जिसमें किशोरों के समग्र विकास में परिवार एवं समुदाय की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।जिला कलेक्टर जितेंद्र यादव (आईएएस) ने “सकारात्मक पेरेंटिंग एवं सशक्त युवा” विषय पर संबोधन में कहा कि इस कार्यक्रम से अभिभावकों की समझ विकसित होगी जिसका फायदा आनेवाले वर्षों में दिखेगा और संवाद की क्षमता किशोरों के भविष्य निर्माण में सहायक होगी। मौके पर उपस्थित जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरुचि सिंह (आईएएस) ने युवाओं को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताया। इसके पश्चात कलेक्टर जितेंद्र यादव और जिला पंचायत सीईओ सुरुचि सिंह को साहित्य और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यशाला में अलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के राज्य नोडल प्रभारी एवं सर्वहितम के अध्यक्ष मनीष सिंह ने किशोरावस्था को समझने पर जोर देते हुए चार आयाम , अधिकार, कर्तव्य, सहभागिता और मॉनिटरिंग पर बात की। उन्होंने बताया कि स्कूल, परिवार और समुदाय के बीच समन्वय से ही बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को मजबूत किया जा सकता है।“पढ़ाई का कोना” एवं “आज क्या सीखा” गतिविधि का संचालन यूनिसेफ कंसल्टेंट चंदन कुमार द्वारा किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने संवाद आधारित पेरेंटिंग एवं किशोरों के सर्वांगीण विकास हेतु इस प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।कार्यक्रम का संचालन यूनिसेफ डी सी दिव्या राजपूत ने किया और समस्त तैयारी सर्वहितम के स्टेट कॉर्डिनेटर राघवेंद्र सिंह ने किया। कार्यशाला में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, एनएसएस, माई भारत एवं युवोदय स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *