आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड पंजीयन में भी राजनांदगांव प्रदेश में प्रथम
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए सुरक्षा कवच है आयुष्मान कार्ड
राजनांदगांव/ वर्ष 2026 राजनांदगांव जिला के लिए दोहरी उपलब्धि देनेवाला वर्ष बन गया है। पहली उपलब्धि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत जिले में आयुष्मान वय वंदना कार्ड के लिए हैं। राजनांदगांव जिला ने अपने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 100.20 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करके राज्य का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहाँ इस योजना से किसी जिला ने सर्वप्रथम शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण किया हो। जिले में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के 25 हजार 38 पात्र वरिष्ठ नागरिकों में से 25 हजार 88 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया है।
इस योजना के अंतर्गत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों में 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त नि:शुल्क उपचार प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इससे बुजुर्गों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हो रही हैं।
वहीं दूसरी उपलब्धि, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत जिले में आयुष्मान कार्ड पंजीयन का भी है। जहाँ 9 लाख 52 हजार 546 के लक्ष्य के विरुद्ध 9 लाख 37 हजार 461 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया है, जो कि 98.42 प्रतिशत उपलब्धि है। इस उपलब्धि के साथ आयुष्मान कार्ड पंजीयन में भी राजनांदगांव जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
इस विधि ने दिलाई उपलब्धि
डोर-टू-डोर संपर्क : स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी पात्र हितग्राहियों के घर-घर पहुँचकर पंजीयन का कार्य पूर्ण किया गया है। इस अभियान के माध्यम से कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया गया।
स्वामित्व लेने की कार्यपद्धति : इसमें स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी से लेकर कनीय कर्मचारियों ने बिना किसी भेद-भाव और संस्थागत ढांचा के स्वामित्व लेकर किया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षा कवच है आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क, कैशलेस एवं पेपरलेस उपचार सार्वजनिक एवं निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना शासन की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य बीमा पहल है, जो सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच सुनिश्चित करती है।
इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधयों ने बधाइयों के सन्देश दिए तथा शासकीय अधिकारीयों को शुभकामनाएं दी । विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा यह छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बेहतर कार्य करने के बनाये माहौल का परिणाम है जिसे अधिकारीयों ने ऐसी उपलब्धियों में बदल दिया है। सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सर्वस्पर्शी और बेहतर प्रबंधन से कोई भी लक्ष्य आसान हो जाता है जिसे स्वास्थ्य विभाग ने कर दिखाया । महापौर मधुसुदन यादव, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद श्रीवास्तव सहित दर्जनों जनप्रतिनिधयों ने इस उपलब्धि का श्रेय राजनांदगांव की उर्वरा भूमि और सभी उच्च स्तरीय नेताओं के नेतृत्व को दिया।








Leave a Reply